
INTUC सोलन की शहरी कार्यकारिणी जल्द होगी गठित, मजदूर हितों को मजबूत करने पर जोर
सोलन। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस महासंघ (INTUC), सोलन के नवनियुक्त शहरी अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा है कि मजदूरों, कर्मचारियों और मेहनतकश वर्ग के हितों की रक्षा के साथ संगठन को शहरी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए जल्द ही शहरी कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
संजीव शर्मा ने कहा कि शहरी कार्यकारिणी में संगठन के प्रति समर्पित, कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। ऐसे लोगों को कार्यकारिणी में शामिल किया जाएगा, जो मजदूर वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठाने के साथ-साथ उनके समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर सकें।
उन्होंने कहा कि INTUC मजदूरों के अधिकार, सम्मान और हितों की आवाज को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाता रहेगा। संगठन का उद्देश्य मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाना है।
शहरी अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही नई शहरी कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी, जिसके बाद संगठन को सोलन शहर में जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।