
दस सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन ने बनाई आंदोलन की रणनीति
देहरादून। प्रदेश प्रधान संगठन उत्तराखंड की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को राजधानी देहरादून स्थित अमोला होटल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष योगिता कैंतुरा रावत ने की, जबकि संचालन कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश माहरा ने किया। प्रदेश प्रभारी पंकज पोखरियाल के दिशा-निर्देशों में हुई बैठक में प्रदेशभर से ब्लॉक अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में संगठन की दस सूत्रीय मांगों और सरकार स्तर पर लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय करते हुए निर्णय लिया गया कि इसी सप्ताह विधायकों और सांसदों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। 14 सितंबर को मुख्यमंत्री के नाम अल्टीमेटम ज्ञापन, 15-16 सितंबर को ग्राम पंचायतों में जी-राम-जी योजना में श्रमिकों की ऑफलाइन हाजिरी के लिए हस्ताक्षर अभियान तथा 17 सितंबर को ब्लॉक मुख्यालयों पर सांकेतिक तालाबंदी की जाएगी।
इसके अलावा 19 सितंबर को जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को अल्टीमेटम ज्ञापन और 22 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर मुख्य विकास अधिकारियों के सांकेतिक घेराव का निर्णय लिया गया। प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन की घोषणा 22 सितंबर की शाम तक किए जाने की जानकारी दी गई। बैठक में भारी बारिश के बावजूद उपस्थित पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।