
बागपत में ट्रेन पलटाने की साजिश! पटरी पर रखे इंटरलॉकिंग टाइल्स से टकराई एक्सप्रेस, इमरजेंसी ब्रेक से टला बड़ा हादसा
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर गुरुवार तड़के बड़ा हादसा होने से उस समय बच गया, जब शामली से दिल्ली जा रही एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 64020 के काउज कैचर से रेलवे ट्रैक पर रखे इंटरलॉकिंग टाइल्स टकरा गए। चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन में करीब 300 यात्री सवार बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रेन शामली रेलवे स्टेशन से करीब 2:40 बजे रवाना हुई थी और लगभग तीन बजे बूढ़पुर हाल्ट पहुंची। यहां से ट्रेन कासिमपुर खेड़ी की ओर रवाना हुई। इसी दौरान ट्रैक पर रखे इंटरलॉकिंग टाइल्स ट्रेन के काउज कैचर से टकरा गए। लोको पायलट देव कुमार ने सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।
घटना की सूचना दिल्ली ट्रेन मैनेजर को देने के बाद कासिमपुर खेड़ी स्टेशन मास्टर शशि भूषण तथा जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ट्रैक पर इंटरलॉकिंग टाइल्स के करीब 20 से 25 टुकड़े मिले, जिनमें कुछ टूटे हुए थे। ट्रैक के आसपास भी टाइल्स के टुकड़े पाए गए।
करीब आधे घंटे तक खड़ी रही ट्रेन
घटना के बाद ट्रेन करीब आधे घंटे तक मौके पर खड़ी रही। जांच और छानबीन के बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। रेलवे पुलिस और संबंधित विभाग की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि ट्रैक पर टाइल्स रखने वालों का पता लगाया जा सके।
कासिमपुर खेड़ी स्टेशन से हटाकर ट्रैक पर रखी गई थीं टाइल्स
जांच में सामने आया कि कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन पर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की ओर से इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम कराया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इन्हीं में से कुछ टाइल्स स्टेशन से उठाकर करीब ढाई किलोमीटर दूर बूढ़पुर हाल्ट के पास जंगल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर रखी गई थीं।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि टाइल्स वहां तक कैसे पहुंचीं और इन्हें ट्रैक पर किसने रखा।
पहले भी गुजरी थी दूसरी ट्रेन
बताया गया कि बुधवार रात करीब 11:45 बजे ट्रेन संख्या 54057 इसी स्थान से गुजरी थी। इसके बाद गुरुवार तड़के करीब तीन बजे ट्रेन संख्या 64020 वहां पहुंची। दोनों ट्रेनों के गुजरने के बीच ट्रैक पर टाइल्स रखे जाने की आशंका जताई जा रही है।
रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्टेशन मास्टर की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ट्रैक पर टाइल्स किसने और किस उद्देश्य से रखे थे।
Baghpat Police DM Baghpat Northern Railway Central Railway
Baghpat, Bagpat | Aug 21, 2026