
स्थानीय परिवाद समिति के गठन हेतु आवेदन आमंत्रित
महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोषण) अधिनियम, 2013 एवं नियम, 2013 तथा सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के प्रावधानों के अंतर्गत जिला स्तर पर स्थानीय परिवाद समिति का गठन किया जाना है। इस संबंध में कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला झाबुआ द्वारा पात्र एवं इच्छुक आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उक्त समिति में एक अध्यक्ष एवं तीन सदस्यों का मनोनयन किया जाएगा। अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित रहेगा। अध्यक्ष हेतु सामाजिक कार्य के क्षेत्र में प्रतिष्ठित एवं महिलाओं की समस्याओं के प्रति प्रतिबद्ध महिला होना आवश्यक है। समिति में दो सदस्य (एक महिला एवं एक पुरुष) तथा एक सदस्य के रूप में विकासखंड, तहसील, वार्ड अथवा नगर पालिका/नगर पंचायत में पदस्थ शासकीय महिला अधिकारी को शामिल किया जाएगा।
समिति के सदस्यों में से एक सदस्य को विधि संबंधी पृष्ठभूमि एवं पर्याप्त अनुभव होना चाहिए तथा एक सदस्य को गैर-सरकारी संगठनों एवं कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित विषयों की जानकारी होना आवश्यक है। साथ ही दो सदस्यों में से कम से कम एक सदस्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग अथवा अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित होना चाहिए।
इच्छुक एवं पात्र आवेदक अपना आवेदन नाम, आयु, पूर्ण पता, शैक्षणिक योग्यताओं एवं संबंधित क्षेत्र में अनुभव के विवरण सहित तैयार कर 15 दिवस के भीतर कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, कलेक्टर कार्यालय परिसर, कक्ष क्रमांक 18, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) में कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, झाबुआ में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP