
बलिया जिले में चल रही विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा के दौरान कई विभागों की खामियां सामने आईं। सोमवार को विकास भवन सभागार में हुई जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक में अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार हिसाब लिया गया। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्वास्थ्य, आवास और पशुओं की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
सीएचसी खेजुरी में साफ-सफाई की शिकायत और बाहर की दवाएं लिखे जाने पर नाराजगी जताई गई। बिजली विभाग को सही मीटर रीडिंग के आधार पर बिल जारी करने और उपभोक्ताओं के अनावश्यक उत्पीड़न पर रोक लगाने के निर्देश मिले। वहीं कटान प्रभावित गांवों में सुरक्षा के लिए प्रभावी परियोजना तैयार करने को कहा गया।
वन विभाग के 45.36 लाख पौधारोपण की समीक्षा करते हुए पौधों के सर्वाइवल रेट का रिकॉर्ड मांगा गया। 201 डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होने की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों को लंबित विकास कार्य जल्द पूरा कराने और जनहित के मामलों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
बैठक में विधायक फेफना संग्राम सिंह, विधायक बैरिया जय प्रकाश अंचल, सीडीओ आलोक कुमार, सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय सहित जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
#DevelopmentWorks #floodrelief #healthservices #ElectricityDepartment #PublicWelfare #UttarPradeshNews #DevelopmentNews #baliakhabar