
रंगोली के माध्यम से युवाओं ने दिया तंबाकू मुक्ति का संदेश, हानिकारक प्रभावों के प्रति किया जागरूक
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत पंडित दीनदयाल चिकित्सालय जिला उमरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्ही.एस. चंदेल के निर्देशन तथा सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. के.सी. सोनी एवं नोडल अधिकारी डॉ. संदीप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों में तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, फेफड़ों एवं मुंह के कैंसर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को दर्शाया गया। इसके माध्यम से लोगों को तंबाकू का सेवन छोड़ने तथा नशा मुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पैरामेडिकल स्टाफ ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। नोडल अधिकारी डॉ. संदीप सिंह ने आमजन से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्ही.एस. चंदेल ने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
@cmmadhyapradesh
#उमरिया
#umaria