
बेगूसराय में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को लेकर जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक, 238 मामलों में 205 का निष्पादन...see more
बेगूसराय। उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, उनकी सुरक्षा तथा लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में वर्तमान में 2,27,484 वरिष्ठ नागरिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, 10,313 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। भरण-पोषण अधिनियम के तहत दर्ज कुल 238 वादों में से 205 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 33 मामले अभी लंबित हैं।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने एल्डर हेल्पलाइन नंबर 14567 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण करने तथा थानों में वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित शिकायतों के लिए अलग पंजी संधारित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अनुमंडलीय अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पेंशनधारियों के आधार सीडिंग अभियान में तेजी लाने तथा जीवन प्रमाणीकरण कराने में असमर्थ बुजुर्ग पेंशनधारियों को घर पर ही आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि जरूरतमंद बुजुर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
बैठक में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, सिविल सर्जन, बेगूसराय सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
#Begusarai #BiharNews #SeniorCitizens #SocialSecurity #ElderHelpline14567 #BiharGovernment #IPRDBihar #SamratChoudhary #AkashChaudhary #MTNews #MTNewsNation