
दर्द से परेशान मरीजों को मिला राहत का भरोसा
फिजियोथेरेपी कैंप में उमड़ी भीड़ कमर, घुटना और गर्दन दर्द समेत कई शारीरिक समस्याओं से पीड़ित लोगों ने लिया विशेषज्ञ परामर्श, बिना ऑपरेशन उपचार के बताए गए विकल्प
बगहा/वाल्मीकिनगर। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को वाल्मीकिनगर स्थित पंचायत भवन में विशेष फिजियोथेरेपी कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. शाहबाज खान (बीपीटी, एमपीटी स्पोर्ट्स) ने बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श और उपचार संबंधी सुझाव दिए। कैंप में मरीजों की भीड़ रही और दर्द से परेशान लोगों को बेहतर उपचार की उम्मीद जगी। शिविर में कमर दर्द, घुटने का दर्द, गर्दन दर्द, सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस, स्लिप डिस्क, मांसपेशियों में खिंचाव, हाथ-पैरों में जकड़न, खेलकूद के दौरान लगी चोट और लकवा जैसी समस्याओं से पीड़ित लोग पहुंचे। डॉ. खान ने मरीजों की समस्याएं सुनकर उनकी शारीरिक स्थिति का परीक्षण किया और आधुनिक फिजियोथेरेपी तकनीकों के माध्यम से राहत पाने के उपाय बताए। इस दौरान डॉ. शाहबाज खान ने कहा कि कई शारीरिक समस्याओं में उचित जांच और विशेषज्ञ की सलाह के बाद बिना ऑपरेशन भी उपचार संभव है। नियमित व्यायाम, सही शारीरिक मुद्रा और जीवनशैली में सुधार से दर्द को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। उन्होंने किसी भी तरह की शारीरिक परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने और उपचार के लिए समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी। शिविर के आयोजक ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग की।