
सांडी-हरदोई मार्ग पर पिकअप की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की मौत, दो दोस्त गंभीर घायल
सांडी। सांडी-हरदोई मार्ग पर चचरापुर गांव के पास रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ईंट भट्ठे के सामने उस समय हुआ, जब सामने से आ रही पिकअप डाला ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सांडी के घुमाव सरायमुल्लागंज निवासी हर्षित मिश्रा (18) पुत्र शशिकांत मिश्रा अपने दोस्तों अंशुल पुत्र शैलेंद्र निवासी पुनिया थाना लोनार और ऋषभ पुत्र संजय निवासी मलवा थाना लोनार के साथ बाइक से हरदोई गया था। रविवार शाम तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। चचरापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही पिकअप डाला ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहा हर्षित उछलकर कई फीट दूर जा गिरा। वहीं पीछे बैठे अंशुल और ऋषभ भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पीआरवी ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सक ज्ञानेंद्र ने जांच के बाद हर्षित को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में अंशुल और ऋषभ को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- देवेंद्र सिंह