
🔹आगरा-मथुरा में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: बड़े होटलों और तनिष्क शोरूम समेत कई कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी.
मथुरा / आगरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा, वृंदावन और आगरा में आयकर विभाग की टीमों ने शुक्रवार सुबह एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कारोबारियों के ठिकानों पर सर्वे और छापेमारी शुरू की। इस अचानक हुई कार्रवाई से तीनों शहरों के व्यापारिक और कारोबारी जगत में भारी खलबली मच गई है।
▪️मथुरा-वृंदावन में तड़के 5 बजे से शुरू हुआ सर्वे.
मथुरा और वृंदावन में गाजियाबाद से पहुंची आयकर विभाग की विशेष टीमों ने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे से ही अपना अभियान शुरू कर दिया। विभागीय टीमों ने प्रमुख रूप से रेडिसन होटल, शंकर सेठ के गुरुकृपा होटलों और गुरुकृपा बिल्डर समेत कई अन्य प्रतिष्ठानों पर एक साथ दबिश दी। दोपहर तक जारी रही इस कार्रवाई के दौरान अधिकारी संबंधित प्रतिष्ठानों के वित्तीय रिकॉर्ड, कंप्यूटर डेटा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहनता से जांच करते रहे।
आगरा में तनिष्क शोरूम और संचालक के आवास पर दबिश
वहीं दूसरी ओर, आगरा में भी आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार, विभाग की टीमों ने शहर के एमजी रोड और बोदला-सिकंदरा रोड स्थित तनिष्क के शोरूम पर पहुंचकर जांच शुरू की। इसके साथ ही, शोरूम के संचालक अनुराग बंसल के अनुपम ओरियन अपार्टमेंट स्थित आवास पर भी आयकर विभाग की टीम द्वारा छापेमारी किए जाने की सूचना है।
▪️व्यापारिक जगत में मचा हड़कंप.
तीन प्रमुख शहरों में एक ही समय पर बड़े होटलों, बिल्डरों और आभूषण शोरूमों को निशाने पर लिए जाने से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल, आयकर विभाग के अधिकारियों ने इस पूरी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी या अनियमितताओं के सही आंकड़ों का खुलासा हो सकेगा।
#badaunharpalnews #budaunharpal #badaunharpal #budaun #badaun #agra #mathura #vrindavan #incometax #raid बदायूँ हर पल न्यूज़ @badaunharpalnews
Budaun, Budaun | Nov 14, 2026