• मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नयापुरा में शिविर आयोजित
• शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के राजस्व मंत्री ने दिए निर्देश
• शिविर में राजस्व मंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं और अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत इछावर तहसील के ग्राम नयापुरा में शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए। उन्होंने ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाना है। शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो, इसी उद्देश्य से जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रो में अधिकारियों द्वारा भ्रमण एवं शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका निराकरण कर आमजन को शीघ्र राहत प्रदान करें।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक एवं जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। ग्राम स्तर पर योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, उनका स्थान स्तर पर ही समाधान हो।
शासन की योजनाओं से बदली हितग्राहियों की जिंदगी, सुनाई बदलाव की कहानी
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम नयापुरा में आयोजित शिविर में हितग्राहियों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शासकीय योजनाओं से उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिली है और जीवन स्तर में सुधार आया है। हितग्राहियों ने योजनाओं का लाभ मिलने पर शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने उनके परिवारों को बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है।
शिविर मे एसडीएम श्रीमती स्वाती मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री रूशाली पोरस, श्री जगदीश पटेल, श्री शंकर जयसवाल सहित अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या मे ग्रामवासी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
Sehore, Madhya Pradesh | Nov 13, 2026