
बलिया जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने रविवार को तहसील बैरिया स्थित आपदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अव्यवस्थाएं मिलने और बाढ़ प्रभावित गांवों की रिपोर्ट में अंतर सामने आने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में कंट्रोल रूम में न तो कम्युनिकेशन प्लान मिला और न ही निर्धारित ड्यूटी चार्ट के अनुसार व्यवस्था नजर आई। कंप्यूटर, टेलीफोन और फाइलों पर धूल जमी थी, जबकि आवश्यक अभिलेख भी व्यवस्थित नहीं मिले। एक बाहरी व्यक्ति के कंट्रोल रूम में मौजूद मिलने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या पूछे जाने पर 19 गांवों की जानकारी दी गई, जबकि उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार 33 गांव प्रभावित पाए गए। रिपोर्ट में अंतर सामने आने पर डीएम ने रजिस्ट्रार कानूनगो को कड़ी फटकार लगाई और लापरवाही दोहराए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम ने निर्देश दिया कि बाढ़ से जुड़ी सूचनाओं का प्रतिदिन सत्यापन कर कंप्यूटर सिस्टम पर अपडेट कराया जाए। उन्होंने गंगा और घाघरा नदी से संबंधित बाढ़ की रिपोर्ट अलग-अलग तैयार कर समय से अपडेट कराने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#Ballia #BalliaNews #DMBallia #ManglaPrasadSingh #Bairia #Flood #BalliaFlood #FloodAlert #DisasterManagement #UttarPradesh #UPNews #BalliaKhabar