
बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: थार और बाइक की सीधी टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन की मौत
मुंगेर से दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहा था परिवार, हादसे में दो की मौके पर मौत, अस्पताल में मासूम ने तोड़ा दम
बेगूसराय। जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-333बी पर टोल प्लाजा और मुंगेर पुल के बीच शालीग्रामी अंडरपास के पास मंगलवार दोपहर करीब दो बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार महिंद्रा थार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों मुंगेर से दुर्गा पूजा का मेला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
मृतकों में पिता, सात वर्षीय पुत्र और रिश्तेदार महिला शामिल
मृतकों की पहचान रघुनाथपुर बरारी पंचायत के हिरटोल वार्ड संख्या-7 निवासी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद यादव के 43 वर्षीय पुत्र संतोष यादव उर्फ सत्तन, उनके सात वर्षीय पुत्र आयुष कुमार तथा डंडारी थाना क्षेत्र के डंडारी निवासी गंगा राम यादव की 49 वर्षीय पत्नी सुलेखा देवी के रूप में हुई है। सुलेखा देवी रिश्ते में संतोष यादव की सरहज बताई गई हैं।
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, संतोष यादव अपने पुत्र आयुष कुमार और सुलेखा देवी के साथ बाइक से मुंगेर में मां दुर्गा का दर्शन करने गए थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान शालीग्रामी अंडरपास के पास विपरीत दिशा से आ रही महिंद्रा थार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद करीब दस मीटर तक घिसटी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खगड़िया की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक वाहन के नीचे जा घुसी। इसके बाद बाइक करीब दस मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठी सुलेखा देवी उछलकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान की एस्बेस्टस की छत पर जा गिरीं।
दो की मौके पर मौत, इलाज के दौरान बच्चे ने तोड़ा दम
हादसे में संतोष यादव और सुलेखा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने थार और बाइक को किया जब्त
दुर्घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त थार और बाइक को जब्त कर लिया। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पिता-पुत्र और महिला की एक साथ हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
#RoadSafety #RoadAccident #Begusarai #bihar #BreakingNews #HindiNews #foryouシ #foryouシpage #foryouシpageシpage #𝙛𝙤𝙧𝙮𝙤𝙪シ𝙥𝙖𝙜𝙚 #foryouシpagefor #foryouシpagealryoupageviralシ゚oryoupagforyouシpagealvilroryoupageviralシ゚oryoupag #foryouシpagealryoupageviralシ゚oryoupagforyouシpagealvilroryoupageviralシ゚oryoupagupag