
बेगूसराय में चाकू से गोद-गोद कर युवक को एनएच-31 किनारे फेंका, 20 घंटे बाद भी होश नहीं
बेगूसराय: नगर थाना क्षेत्र के हर-हर महादेव चौक के पास शनिवार रात एक युवक पर बदमाशों ने हमला किया। युवक को चाकू मारकर एनएच-31 किनारे फेंक दिया गया। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी पहचान रंजीत सिंह के 25 वर्षीय बेटे रुपेश कुमार के रूप में हुई है।
दरअसल नगर थाना क्षेत्र के हर-हर महादेव चौक के समीप शनिवार की रात बदमाशों ने एक युवक को पकड़ लिया। उसके बाद ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इसके बाद उसे एनएच-31 किनारे फेंक दिया। थोड़ी देर बाद उसे मृत समझ बदमाश आराम से निकल गए।
किसी की सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अचेतावस्था में युवक को उठाकर इलाज के लिए पेनेसिया अस्पताल में भर्ती कराया। सर्जन डॉ. राहुल भूषण व डॉ. राहुल कुमार ने बताया कि मरीज का इलाज चल रहा है। वह अभी तक होश में नहीं आया है।
सदर एसडीपीओ आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि युवक के शरीर पर चार से पांच जख्म के निशान हैं। बायां हाथ टूटा हुआ है। लेन-देन के विवाद में उसे चाकू मारकर जख्मी किया गया है। उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। जख्मी युवक नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा गांव निवासी रंजीत सिंह का 25 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार है।
जख्मी के होश में आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि चाकू मारने की घटना में आखिर कितने लोग शामिल थे।
#CrimeNews #BreakingNews #HindiNews #Begusarai