
कोचिंग के लिए निकला 22 वर्षीय छात्र रहस्यमय ढंग से लापता, दो दिनों से बेटे की तलाश में भटक रहा परिवार; CCTV खंगाल रही पुलिस
गया। गया शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक 22 वर्षीय युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान नूतन नगर निवासी अक्षय कुमार (22 वर्ष), पिता सुनील शर्मा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि लापता युवक अक्षय कुमार 19 तारीख यानी दो दिन पहले घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। युवक के अचानक गायब हो जाने से परिवार के लोगों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों के अनुसार अक्षय कुमार रोजाना की तरह घर से पढ़ाई के लिए निकला था। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और अन्य परिचितों के यहां उसकी खोजबीन शुरू की। बावजूद इसके युवक का कोई पता नहीं चल सका।
दो दिनों तक लगातार तलाश के बाद थक-हारकर युवक के पिता सुनील शर्मा ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर अपने पुत्र की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बेटे की जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। सुनील शर्मा का कहना है कि परिवार ने हर संभव जगह पर तलाश कर ली है, लेकिन अक्षय के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। ऐसे में अब उन्हें पुलिस की कार्रवाई और जांच पर ही उम्मीद टिकी हुई है।
लापता युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई को लेकर गंभीर था और नियमित रूप से कोचिंग जाता था। उसके इस तरह अचानक लापता हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है। घर के सभी सदस्य परेशान हैं और बेटे की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवक की पहचान और लोकेशन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि युवक की अंतिम गतिविधियों का पता लगाया जा सके। साथ ही भरोसा दिलाया है कि जल्द ही युवक का पता लगाकर उसे सकुशल परिवार के पास पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
#गयाजी
#gaya
#gayajidham
#CrimeNews