
रवि माली हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 8 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
मंदसौर। कोतवाली थाना पुलिस ने रवि माली हत्याकांड में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को गुजरात के भीलोंडा से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पूर्व में चार आरोपियों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को जग्गाखेड़ी रोड स्थित अभिनंदन नगर क्षेत्र में रवि माली की हत्या हुई थी। मामले में फरियादी सुमित पिता किशन माली निवासी कर्मचारी कॉलोनी, मंदसौर की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 410/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुजरात के भीलोंडा से आकाश पिता नानावटी, उम्र 25 वर्ष, निवासी बरगुंडा गली, बालागंज मंदसौर तथा रोनक पिता नाहरु वर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी बरगुंडा गली, बालागंज मंदसौर को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, जिसके बाद हत्याकांड में उनकी भूमिका और अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई।