
⛔ मधेपुरा : शहर के मुख्य बाजार एवं चौक-चौराहों मेन वाले क्षेत्र के कई इलाकों में मंगलवार को बिजली विभाग की ओर से मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। इसके कारण टाउन थ्री फीडर से जुड़े क्षेत्रों में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील किया है कि वह बिजली बंद होने से पहले अपने जरूरी काम निपटा लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि टाउन थ्री फीडर को सुबह आठ बजे से सुबह 10 बजे तक मेंटेनेंस कार्य के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान कालेज चौक से लेकर पुरानी बाजार, मस्जिद चौक, थाना चौक, सुभाष चौक, मुख्य बाजार एवं पूर्णिया गोला चौक तक के इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। मेंटेनेंस का काम पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
बिजली कटौती का असर मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 04, 06, 08, 10, 11, 12, 13, 16, 17, 18, 19 एवं 20 में रहने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। बिजली विभाग ने इन इलाकों के लोगों से कहा है कि वह सुबह आठ बजे से पहले बिजली से जुड़े जरूरी काम पूरा कर लें। खासकर लोगों को सलाह दी गई है कि वह मोटर चलाकर पानी की टंकी भर लें, ताकि बिजली बंद रहने के दौरान पानी की समस्या नहीं हो। इसके अलावा मोबाइल, इन्वर्टर एवं अन्य जरूरी उपकरणों को भी समय रहते चार्ज कर लेने से लोगों को राहत मिलेगी।
विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने कहा कि मेंटेनेंस का कार्य बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए किया जा रहा है। निर्धारित समय के दौरान बिजली बंद रहने से लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन काम पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील की है।