
दो साल से तैयार नर्सिंग कॉलेज की बिल्डिंग, फिर भी नहीं शुरू हुई कक्षाएं
कोसली।
कोसली क्षेत्र के सादतनगर में राजकीय नर्सिंग कॉलेज का भवन तैयार हुए करीब दो वर्ष होने के बावजूद अभी तक यहां नियमित कक्षाएं शुरू नहीं होने से क्षेत्र की छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नर्सिंग की पढ़ाई करने की इच्छुक कोसली और आसपास के गांवों की छात्राओं को मजबूरी में निजी कॉलेजों का रुख करना पड़ रहा है।
सरकारी स्तर पर नर्सिंग कॉलेज की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद से क्षेत्र के लोगों और छात्राओं में काफी उत्साह था, लेकिन भवन तैयार होने के बाद भी शिक्षण कार्य शुरू नहीं होने से यह उम्मीद पूरी नहीं हो पाई है।
इस संबंध में कोसली विधायक अनिल यादव ने भी हरियाणा विधानसभा में सादतनगर के नवनिर्मित नर्सिंग कॉलेज भवन में आने वाले सत्र से कक्षाएं शुरू करवाने की मांग सरकार के समक्ष रखी थी।
सरकार की ओर से पहले बताया गया था कि भवन का निर्माण कार्य पूरा होने तथा भवन चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग को हस्तांतरित किए जाने के बाद कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जब भवन और सरकारी संसाधन तैयार हैं तो कक्षाएं शुरू करने में हो रही देरी का कारण स्पष्ट किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि सरकारी नर्सिंग कॉलेज शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को कम खर्च में अपने क्षेत्र में ही नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।
लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि नर्सिंग कॉलेज में कक्षाएं शुरू करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि छात्राओं को निजी कॉलेजों में अधिक खर्च करने के लिए मजबूर न होना पड़े।
Ambala, Ambala | Sep 29, 2026