
करसोग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कैंपर से 40 पेटी देसी शराब बरामद।
करसोग। नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करसोग पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा कैंपर वाहन से देसी शराब की 40 पेटियां बरामद की हैं। बरामद शराब में कुल 480 बोतलें शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात पुलिस थाना करसोग की टीम रात्रि गश्त, यातायात चैकिंग तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शंकर देहरा चौक, सनारली में महिंद्रा कैंपर वाहन संख्या HP-25A-0671 को चैकिंग के लिए रोका गया।
वाहन की तलाशी लेने पर पिछले ढाले में नीले रंग की प्लास्टिक तरपाल से ढकी हुई देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक की पहचान विनोद कुमार, निवासी डाकघर तेवन, तहसील करसोग, जिला मंडी के रूप में बताई है।
नियमानुसार तलाशी एवं बरामदगी की कार्रवाई के दौरान वाहन से देसी शराब “ऊना नंबर-01” की कुल 40 पेटियां, यानी 480 बोतलें बरामद की गईं।
मामले में पुलिस थाना करसोग में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो