
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए विदिशा में व्यापक तैयारियां जारी,
..
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के आयोजन को लेकर जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शासन के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 11 मई से काउंटडाउन कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया गया है, जिसके अंतर्गत 50वें एवं 25वें दिवस पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जिले में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। काउंटडाउन कार्यक्रमों के माध्यम से वर्तमान तिथि तक कुल 7,064 लाभार्थी योगाभ्यास एवं योग संबंधी गतिविधियों से लाभान्वित हो चुके हैं।
शासन के निर्देशानुसार प्रतिदिन ऑनलाइन माध्यम से सामूहिक योगाभ्यास कराया जा रहा है। यह कार्यक्रम ZOOM Meeting एवं YouTube प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक महाविद्यालय, भोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका है। योगाभ्यास कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण आयुष विभाग के प्रमुख सचिव द्वारा किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रमों की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सके।
जिला आयुष अधिकारी डॉ दिनेश अहिरवार ने बताया है कि जिले के मुख्य योग दिवस समारोह का आयोजन गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय के खेल परिसर, में प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से जिले के सभी विकासखंडों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे योग दिवस के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। साथ ही जिले की वेबसाइट, समाचार पत्रों, डिजिटल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनस्वास्थ्य अभियान से जुड़ सकें।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष भी योग दिवस कार्यक्रम जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित करेगा।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha