ठियोग में हथियार दिखाकर धमकाने और गाड़ियां तोड़ने का आरोप, पुलिस ने तीन युवकों को किया गिरफ्तार
ठियोग। ठियोग पुलिस ने हथियार दिखाकर धमकाने और वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के आरोप से जुड़े मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अभियोग संख्या 115/2026 के तहत की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता ने थाना ठियोग में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार गुलु के समीप पार्किंग में कुछ लोग वाहनों में पहुंचे थे और उनके पास हथियार होने की बात सामने आई। आरोप है कि इन लोगों ने शिकायतकर्ता और उसके साथियों को धमकाया, जिसके बाद वे मौके से चले गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में जब वे वापस मौके पर पहुंचे तो उनकी दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त मिलीं। साथ ही धमकी दिए जाने की शिकायत भी पुलिस को दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना ठियोग में धारा 309(4), 351(2), 324(2) BNS एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर 18 अगस्त 2026 को पुलिस थाना ठियोग की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रान्त शर्मा (27), वंश शर्मा (21) और किंशुक शर्मा (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस हिरासत रिमांड मिलने पर मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि, आवश्यक बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के संबंध में आगे की जांच की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष एवं तथ्याधारित जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।