
बिजली बिल की त्रुटि व अन्य शिकायतों के निवारण को लेकर शिविर आयोजित
बलिया। पटना मुख्यालय के निर्देश पर बलिया विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कार्यालय परिसर में बिजली बिल की त्रुटि, विपत्र में सुधार एवं अन्य विद्युत संबंधी शिकायतों के निवारण को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 17 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बलिया विद्युत सबडिवीजन के सहायक विद्युत अभियंता उमाशंकर कुमार ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली बिल एवं विद्युत सेवा से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर अपने बिजली बिल में गलत रीडिंग, अधिक बिल, नाम अथवा अन्य विवरण में त्रुटि सहित अन्य शिकायतों का आवेदन देकर समाधान करा सकते हैं।
सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि 17 अगस्त से 20 अगस्त तक शिविर में करीब 100 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 25 से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों की जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनका भी जल्द निष्पादन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विभाग के राजस्व संग्रह को लेकर भी शिविर में उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। बीते तीन दिनों में बिजली विभाग के राजस्व मद में करीब चार लाख रुपये जमा कराए गए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिविर में आवेदन देने की अपील की।