प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक में सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव ने जिले के 19,000 इंस्टॉलेशन के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए अधिकारियों और बैंकों को सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से ‘In Process’ में लंबित न रखा जाए। रिजेक्शन की स्थिति में पोर्टल पर स्पष्ट कारण दर्ज करना होगा। क्रेडिट स्कोर, लोड या गृहस्वामित्व जैसी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान कर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।
बुधवार से शनिवार तक सभी प्रखंडों में चार दिवसीय विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां बैंक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लंबित आवेदन, बैंकिंग एवं तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
डीएम ने बैंक अधिकारियों को चेतावनी दी कि योजना में उदासीनता बर्दाश्त नहीं होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंक अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। एचडीएफसी और केनरा बैंक को भी प्रगति नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
Chapra, Saran | Aug 18, 2026