
जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए समयबद्ध कार्यों के निर्देश।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। जिले में स्वीकृत लंबित कार्यो को पूर्ण करने, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ आमजन तक निर्बाध रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत स्वीकृत कार्यो के कार्यादेश 10 दिन के भीतर जारी कर लंबित कार्यो को धरातल पर उतारने के निर्देश अधीक्षण अभियंता वाटरशेड संजय माथुर को दिए। साथ ही, जल संचय जन भागीदारी 3.0 अभियान के तहत राजकीय कार्यालयों सहित अन्य स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं वाटर रिचार्ज संरचनाओं को स्थापित कर पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिन विभागों ने अभी तक पौधारोपण का लक्ष्य पूर्ण नहीं किया उन विभागों के अधिकारियों को 15 सितम्बर से पूर्व शत-प्रतिशत पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। साथ ही, उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की सफलता की कहानियों के माध्यम से आमजन को जागरूक कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत स्वीप गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक करने, सभी राजकीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत मतदान हेतु 1 सितम्बर को पाती लेखन प्रतियोगिता आयोजित करवाने, निर्वाचन संबंधित प्रशिक्षण कार्य निर्धारित कार्यक्रम अनुसार गुणवत्तापूर्ण सुनिश्चित करवाने तथा सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्ट्रोंग रूम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजोरा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।