
सहरसा पुलिस ने शुरू की दैनिक रोल कॉल-सह-समीक्षा बैठक, लंबित कांडों और कानून-व्यवस्था पर विशेष फोकस
सहरसा, 25 जून। सहरसा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिदिन रोल कॉल-सह-समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। इन बैठकों में सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। इसका उद्देश्य पुलिस कार्यों की गहन समीक्षा कर कार्य निष्पादन में दक्षता, जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करना है।
बैठक के दौरान लंबित कांडों की समीक्षा, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन की प्रगति पर चर्चा की जाती है। साथ ही नियमित गश्ती और पेट्रोलिंग गतिविधियों की जानकारी ली जाती है तथा नवीनतम कानूनों और विधिक प्रावधानों से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिसकर्मियों को दी जाती है।
इसके अलावा डिजिटल माध्यम से किए जा रहे अनुसंधान कार्यों की स्थिति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की जाती है। अपराध नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था संधारण से जुड़े आवश्यक निर्देशों के अनुपालन पर भी विशेष जोर दिया जाता है।
सहरसा पुलिस के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करना, सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत बनाना तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है। जिले के विभिन्न थानों में आयोजित बैठकों में पुलिस पदाधिकारी लंबित मामलों के निष्पादन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
Kahara, Saharsa | Jun 25, 2026