खाद वितरण व्यवस्था से नाइत्तेफाकी जताते हुए किसानों का हंगामा
कोंच। बुआई का सीजन सिर पर देख किसान खाद की जुगत में है लेकिन वितरण व्यवस्था की खामियों ने उसे परेशान करके रख दिया है। शनिवार को खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए किसानों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित किसानों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को डीएपी खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान गल्ला मंडी परिसर स्थित पीसीएफ केंद्र के खाद वितरण स्थल आरएफसी गोदाम पहुंचे थे। वहां किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया और जमकर हंगामा काटा। किसानों के मुताबिक, खाद वितरण के लिए आपसी सहमति से सूची तैयार की गई थी लेकिन सूची के अनुसार वितरण नहीं किया जा रहा है। हंगामे की सूचना पर मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसानों को समझाबुझा कर शांत किया।
Konch, Jalaun | Oct 10, 2026