
बेगूसराय में पुलिस टीम पर हमला, ईंट-पत्थर मारकर शराब मामले के आरोपी को छुड़ाया; दो पुलिस पदाधिकारी घायल
गढ़हरा थाना क्षेत्र की गैस एजेंसी में हुई घटना, एसपी और डीएसपी-2 ने मौके पर पहुंचकर की जांच।
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में बुधवार को पुलिस टीम पर हमले की घटना सामने आई है। बरौनी प्रखंड के गढ़हरा थाना क्षेत्र में एक रसोई गैस एजेंसी परिसर में मौजूद लोगों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान मध निषेध अधिनियम से जुड़े मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर उसके साथी फरार हो गए। हमले में दो पुलिस पदाधिकारियों के घायल होने की सूचना है।
गुप्त सूचना पर आरोपी को पकड़ने पहुंची थी पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, मटिहानी थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मध निषेध अधिनियम के एक मामले में फरार आरोपी ठकुरीचक और जीरोमाइल के बीच स्थित एक रसोई गैस एजेंसी में काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम वहां पहुंची और एजेंसी के एक कर्मी को हिरासत में लिया।
पुलिस पर पथराव कर आरोपी को छुड़ाया
बताया जाता है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान एजेंसी परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस पदाधिकारियों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया। इस अफरातफरी के बीच आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
हमले में दो पुलिस पदाधिकारियों के घायल होने की सूचना है। दोनों का इलाज कराया जा रहा है। एजेंसी के अन्य कर्मियों पर भी आरोपी को छुड़ाने में सहयोग करने का आरोप है।
एसपी और डीएसपी-2 ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गढ़हरा थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद बेगूसराय एसपी और डीएसपी-2 ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। घटना के बाद गैस एजेंसी के सभी कर्मियों के फरार होने की भी सूचना है।
गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार राम ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस टीम पर हमले और हिरासत से आरोपी को छुड़ाने की इस घटना के बाद इलाके में पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
#Begusarai #BiharPolice #BreakingNews #BiharNews #CrimeNews #NewsBiharLive
Rahui, Nalanda | Nov 12, 2026