
राजीव गांधी मेमोरियल कॉलेज जोगिन्दर नगर में शुरू होंगे दो नए रोजगारपरक डिग्री प्रोग्राम
30 जून तक बढ़ी प्रवेश की अंतिम तिथि, 25 जून को होगा इंडक्शन कार्यक्रम
जोगिन्दर नगर, पंकज पालिया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) के तहत उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख एवं कौशल आधारित बनाने की दिशा में राजीव गांधी मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, जोगिन्दर नगर ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दो नए अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (AEDP) शुरू किए जा रहे हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रकाश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों में कार्य अनुभव उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (BFSI) तथा रिटेल ऑपरेशन्स मैनेजमेंट (ROM) कार्यक्रम प्रारम्भ किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ बैंकों, बीमा कंपनियों, वित्तीय संस्थानों, रिटेल प्रतिष्ठानों तथा अन्य व्यावसायिक संगठनों में अप्रेंटिसशिप और ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव प्राप्त होगा और वे पढ़ाई के दौरान ही रोजगार के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशल विकसित कर सकेंगे।
प्राचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग जगत ऐसे युवाओं की मांग कर रहा है जिनके पास सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी हो। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इन कार्यक्रमों को तैयार किया गया है ताकि विद्यार्थी डिग्री के साथ-साथ रोजगार के लिए भी पूरी तरह तैयार हो सकें।
उन्होंने बताया कि BFSI कार्यक्रम बैंकिंग, निवेश, वित्तीय प्रबंधन, बीमा सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभदायक रहेगा। वहीं रिटेल ऑपरेशन्स मैनेजमेंट कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को रिटेल व्यवसाय, ग्राहक सेवा, स्टोर संचालन, बिक्री प्रबंधन, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन तथा आधुनिक खुदरा व्यापार की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी मिलेगी।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद विद्यार्थियों के लिए बैंकिंग, बीमा, वित्तीय सेवाओं, ई-कॉमर्स कंपनियों, रिटेल चेन तथा अन्य कॉर्पोरेट क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
प्राचार्य प्रकाश चौहान ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जून 2026 कर दी गई है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है, वे निर्धारित तिथि तक अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त वाणिज्य विभाग में प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों के लिए 25 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे महाविद्यालय परिसर में परिचयात्मक (इंडक्शन) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
महाविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इन नवीन एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने तथा प्रवेश प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।