
*नियम विरुद्ध संचालित 3 एम्बुलेंस वाहन जब्त*
*दो एम्बुलेंस पर चालानी कार्रवाई कर 4 हजार रुपये राजस्व वसूला*
मुरैना/ परिवहन आयुक्त और कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार मुरैना जिले में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री पी.एस. भिलाला के नेतृत्व में शनिवार को मुरैना शहर स्थित शासकीय जिला चिकित्सालय परिसर में एम्बुलेंस वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान एम्बुलेंस वाहनों में प्राथमिक चिकित्सा पेटी, अग्निशमन यंत्र, वाहन का अनुबंध एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम द्वारा 9 से अधिक एम्बुलेंस वाहनों की जांच की गई। इनमें से 3 एम्बुलेंस वाहन मोटरयान नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए, जिन्हें जब्त कर थाना यातायात परिसर, मुरैना में सुरक्षार्थ रखा गया है। इसके अतिरिक्त 2 एम्बुलेंस वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 4,000 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। जब्त किए गए 3 एम्बुलेंस वाहनों से लगभग 25,000 रुपये का राजस्व वसूल होना संभावित है।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री पी.एस. भिलाला के साथ प्रधान आरक्षक श्री जितेन्द्र तोमर, प्रधान आरक्षक श्री सुजीत भदौरिया, श्री संतोष गुप्ता, श्री शिवेन्द्र यादव, श्री कोमल सिंह, श्री अजय बाल्के सहित परिवहन विभाग के कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।