
कल नाहन में होगा भाजयुमो का धरना, प्रदेश सरकार के खिलाफ युवाओं में गहरा रोष
कल दिनांक 20/08/2026 (वीरवार) को भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला मुख्यालय नाहन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ० राजीव बिंदल की अगुवाई में प्रदेश की युवा विरोधी कांग्रेस सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन करेगी।
भाजयुमों प्रदेश कांग्रेस सरकार को रोजगार,महँगाई,शिक्षण संस्थानों को बंद करने,10 झूठी गारंटियो,क़ानून व्यवस्था,प्रदेश में बढ़ता नशे का कारोबार व अन्य मुद्दों पर घेरकर जोरदार प्रदर्शन करेगी।इस धरना प्रदर्शन में पाँवटा साहिब विधानसभा से 100 से अधिक युवा भाग लेंगे।
चरणजीत सिंह चौधरी ने पाँवटा साहिब विधानसभा के दोनों मंडलों के युवाओं से निवेदन किया हैं कि इस धरना प्रदर्शन में बढ़-चढ़ कर भाग ले और इस सरकार को प्रदेश से उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।
चौधरी ने कहा कि वर्तमान की प्रदेश सरकार ने युवाओं को अपने कार्यकाल में ठगने का ही काम किया है,अपने चुनावी घोषणा पत्र में और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा चुनाव से पहले युवाओ को सरकार के विभागों में 5 लाख रोजगार देने के वादे किए गए थे।उन्होंने सार्वजनिक मंचों से वादा किया था कि पहली कैबिनेट में ही 1 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।लेकिन इस सरकार को बने 4 साल होने वाले है,युवा आज भी सिर्फ इंतज़ार ही कर रहे है और अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
अनेकों स्कूल-कॉलेज बंद कर दिये गए,क़ानून व्यवस्था का बुरा हाल है।नशे का कारोबार हिमाचल प्रदेश में बढ़ता जा रहा है।नशे से देवभूमि हिमाचल पूरे देश में बदनाम हो रही है।
उन्होंने कहा कि भाजयुमो की सोयी हुई सरकार को जगाने के लिए सड़को पर उतर कर आंदोलन करेगी।
पाँवटा साहिब मंडल के युवा मोर्चा अध्यक्ष संयम गुप्ता और गिरिपार आँजभोज के युवा मोर्चा अध्यक्ष भगवान दास चौधरी ने भी युवाओ से इस धरना प्रदर्शन में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया है।