
लाइव भारत न्यूज़ /प्रवीण कुमार /पलवल में दिवाली की रात खूनी वारदात: मिलन ढाबे पर खाना देने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या
पलवल (हरियाणा):
दीपावली की रात जहां पूरा देश खुशियों का त्योहार मना रहा था, वहीं पलवल में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नेशनल हाईवे-19 पर हुडा चौक के पास स्थित मिलन ढाबे पर खाना खाने गए बल्लभगढ़ निवासी 22 वर्षीय युवक की सिर में सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित चावला कॉलोनी का रहने वाला रोहित शर्मा दीपावली की रात पटाखे जलाने के बाद अपने दोस्तों के साथ पलवल के मिलन ढाबे पर खाना खाने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, देर रात करीब साढ़े तीन बजे ढाबे पर खाना देने व ऑर्डर को लेकर युवक और ढाबा संचालक के साथियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर रोहित के माथे से सटाकर गोली मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोली लगने से रोहित लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। उसके दोस्त आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पलवल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और ढाबे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Hodal, Palwal | Nov 10, 2026