
अमन… तुम्हें अश्रुपूरित अंतिम नमन!
कुछ दीपावली जीवन में उजाला भर जाती है, तो कुछ ऐसी पीड़ा दे जाती है, जिसका अंधकार जीवनभर नहीं मिटता…
कभी-कभी त्योहार की जगमगाती रोशनियों के बीच ऐसी खबर मिलती है, जो मन के भीतर गहरा अंधकार भर जाती है। दीपावली किसी के आंगन में खुशियों के दीप जलाती है, तो किसी परिवार के जीवन में ऐसा अंधेरा छोड़ जाती है, जिसकी भरपाई शायद कभी संभव नहीं होती।
आज बकस्वाहा नगर से मिली एक ऐसी ही हृदयविदारक खबर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया। हमारे नगर के युवा व्यवसायी, अत्यंत सज्जन, सरल, सौम्य और नेकदिल गोल्चा परिवार के एकमात्र चिराग श्री अमन कुमार जैन 'सोनू गोल्चा' के असमय निधन का समाचार सुनकर मन स्तब्ध है। विश्वास ही नहीं होता कि हंसता-मुस्कुराता एक परिचित चेहरा अब हमारे बीच नहीं रहा।
महज 32 वर्ष की उम्र… उम्र का वह पड़ाव, जहां जीवन के सपने आकार लेते हैं, जहां परिवार की उम्मीदें जवान होती हैं और जहां अपनों के लिए बहुत कुछ करने की तमन्नाएं होती हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए दमोह ले गए। वहां से जबलपुर और फिर भोपाल रेफर किया गया। भोपाल एम्स में लगातार उपचार चलता रहा। परिवार और शुभचिंतक हर पल उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना करते रहे, लेकिन नियति को शायद कुछ और ही मंजूर था। आज उनके निधन की खबर ने उन तमाम उम्मीदों को हमेशा के लिए खामोश कर दिया।
मैं नहीं जानता कि अमन हर व्यक्ति के लिए क्या था, लेकिन मेरा उनसे जब भी सामना हुआ, जब भी बात हुई, उनके मुख से निकले शब्द आज भी कानों में गूंज रहे हैं— 'हां चाचा जी… जी चाचाजी…'
बस यही उनका सरल स्वभाव था, यही उनका अपनापन था। न कोई बनावट, न कोई दिखावा, बस सम्मान और आत्मीयता से भरा व्यवहार।
आज मन बार-बार यही सोचने को विवश है कि आखिर ईश्वर ने इतनी जल्दी क्यों बुला लिया? जिस परिवार ने अपने आंगन में जिस चिराग को बड़े अरमानों से रोशन किया था, उसी चिराग के बुझ जाने का असहनीय दुख उस परिवार पर क्यों टूट पड़ा?
कहते हैं कि अच्छे लोगों को ईश्वर जल्दी अपने पास बुला लेते हैं, लेकिन पीछे छूट जाने वालों के आंसुओं और अधूरे सपनों का हिसाब कौन देगा?
हे प्रभु! इस असहनीय वज्रपात को सहने की शक्ति गोल्चा परिवार को देना। माता-पिता और समस्त परिजनों को इस असीम पीड़ा से उबरने का संबल प्रदान करना।
अमन! तुम भले ही इस संसार से विदा हो गए, लेकिन तुम्हारा सरल व्यवहार, तुम्हारी आत्मीयता और तुम्हारे 'चाचाजी' कहकर पुकारने की आवाज स्मृतियों में सदैव जीवित रहेगी।
अलविदा अमन… तुम्हारा यूं असमय चले जाना मन को हमेशा सताता रहेगा।
ॐ शांति! भावभीनी श्रद्धांजलि!
अमन, तुम्हें अश्रुपूरित अंतिम नमन… तुम्हारी स्मृतियों के दीप सदैव जलते रहेंगे।**