Public App Logo
कैंसर से बचाव और समय पर टीकाकरण के प्रति दिया जागरूकता का संदेश जिला न्यायालय में ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयास’ के तहत लगा विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर टीकाकरण के महत्व का संदेश देने के उद्देश्य से जिला न्यायालय ग्वालियर में ‘उल्लास - एक अभिनव प्रयास’ अभियान के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य एवं वैक्सीनेशन जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। उच्च न्यायालय जबलपुर के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान के तहत यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगाया गया। शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ललित किशोर ने किया। इस अवसर पर जिला न्यायालय ग्वालियर के न्यायाधीश श्री नवीन शर्मा सहित अन्य न्यायाधीशगण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर को संबोधित करते हुए प्रधान जिला न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सतर्कता, उसके शुरुआती लक्षणों की जानकारी और समय पर टीकाकरण के प्रति जागरूकता बीमारी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने उपस्थित जनों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया। शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ श्री बी.आर. श्रीवास्तव एवं कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. गुंजन श्रीवास्तव ने विभिन्न प्रकार के कैंसर, उनके शुरुआती लक्षण, बचाव के उपाय तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों के संबंध में महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक जानकारी दी। विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य संबंधी किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने तथा आवश्यकता होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की बात कही। परिवार सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर डॉ. मनोज गुलाटी ने समय पर वैक्सीन लगवाने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों को स्वस्थ भविष्य की ओर कदम बढ़ाने तथा समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का संकल्प दिलाया गया। शिविर का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री सौम्या सिंह ने किया। आभार प्रदर्शन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर के सचिव श्री पुष्पेन्द्र सिंह ने किया। #gwalior PRO Gwalior CM Madhya Pradesh - Gwalior News