*केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 18 अगस्त को करेंगे कैलारस-बीरपुर पैसेंजर ट्रेन का शुभारंभ*
*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली जुड़ेंगे*
*ब्रॉड गेज पर दौड़ेगी कैलारस–बीरपुर पैसेंजर ट्रेन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी सौगात*
#newsimpact #gwalior #JyotiradityaScindia
Jyotiraditya M Scindia
*ग्वालियर/मुरैना- 17 अगस्त।* केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 18 अगस्त को दोपहर 2 बजे कैलारस–बीरपुर पैसेंजर ट्रेन (64635/64636) का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। ब्रॉड गेज पर कैलारस–बीरपुर रेल सेवा का संचालन क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे मुरैना-श्योपुर के कैलारस, बीरपुर आदि क्षेत्रों के यात्रियों को सुगम, सुविधाजनक और किफायती आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। ज्ञात हो कि 6 अक्टूबर 2024 को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर से कैलारस तक प्रथम चरण की यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था और स्वयं ट्रेन में यात्रा भी की थी। अब इस रेल सेवा के बीरपुर तक विस्तार के साथ क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है।
*लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी*
कैलारस–बीरपुर रेल सेवा को ब्रॉड गेज पर शुरू करना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग थी। क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस विषय को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रमुखता से रखा था। उनके आग्रह पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस रेल सेवा के संचालन का निर्णय लिया।
*यात्रियों को मिलेगा सुगम और किफायती आवागमन*
कैलारस–बीरपुर पैसेंजर ट्रेन के संचालन से मुरैना-श्योपुर और ग्वालियर-चंबल संभाग के क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधाजनक एवं किफायती रेल परिवहन की सुविधा मिलेगी। यह सेवा विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों और प्रतिदिन आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी।
*मजबूत रेल कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी नई गति*
ब्रॉड गेज पर रेल सेवा की शुरुआत से कैलारस–बीरपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। बेहतर रेल सुविधा से लोगों का आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। आगे चलकर यह रेल कनेक्टिविटी ग्वालियर–श्योपुर के माध्यम से इटावा और दिल्ली तक बेहतर रेल संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, व्यापारिक अवसरों और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
*केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से पूरा हुआ क्षेत्रवासियों का आग्रह*
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुरैना-श्योपुर क्षेत्रवासियों की मांग को प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से कैलारस–बीरपुर पैसेंजर ट्रेन के ब्रॉड गेज पर संचालन का आग्रह किया था। रेल मंत्रालय द्वारा इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेल सेवा शुरू करने के निर्णय के लिए सिंधिया ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। 18 अगस्त को शुभारंभ के साथ यह रेल सेवा क्षेत्रवासियों को समर्पित की जाएगी, जिससे कैलारस–बीरपुर क्षेत्र में आवागमन, कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।
Gwalior Gird, Gwalior | Aug 17, 2026