
#कहानी_बदलाव_की
संपत पाल ने आजीविका मिशन से जुड़कर हासिल किया वित्तीय स्वावलंबन; मैनेजर बनकर अन्य महिलाओं को दे रही हैं प्रशिक्षण
शिवपुरी, 18 अक्टूबर 2026
मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण अंचलों की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक और क्रांतिकारी बदलाव लाने का सशक्त माध्यम सिद्ध हो रहा है। शिवपुरी जिले की करैरा तहसील अंतर्गत ग्राम मामौनी खुर्द की रहने वाली श्रीमती संपत पाल की सफलता की कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि कैसे सही मार्गदर्शन और शासकीय योजनाओं के सहयोग से एक साधारण ग्रामीण महिला न केवल आत्मनिर्भर बन सकती है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी बन सकती है।
एक समय था जब श्रीमती संपत पाल का जीवन सीमित साधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बीच गुजर रहा था। परिवार की जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक रूप से खुद को मजबूत बनाने के लिए उनके पास पर्याप्त साधन और अवसर उपलब्ध नहीं थे। ग्रामीण परिवेश में आजीविका के अवसरों की कमी के कारण उन्हें निरंतर आर्थिक विषमताओं का सामना करना पड़ता था।
आर्थिक तंगी के दौर में श्रीमती संपत पाल मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें वित्तीय अनुशासन, बचत और परस्पर सहयोग का महत्व समझ आया। आजीविका मिशन के माध्यम से मिले मार्गदर्शन और आसान शर्तों पर ऋण सुविधा ने उनके जीवन में प्रगति के द्वार खोल दिए। उन्होंने समय-समय पर समूह से आवश्यकतानुसार ऋण प्राप्त किया और उसका शत-प्रतिशत अनुशासित भुगतान भी किया।
*3 लाख रुपये का लोन लेकर खरीदी संपत्ति, बनीं प्रशिक्षण केंद्र मैनेजर*
स्वयं सहायता समूह से प्राप्त वित्तीय सहयोग का सही नियोजन करते हुए श्रीमती संपत पाल ने 3 लाख रुपये का ऋण लेकर अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए एक प्लॉट खरीदा। इसके साथ ही, अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के बल पर वे क्लस्टर लेवल फेडरेशन प्रशिक्षण केंद्र की मैनेजर के रूप में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। वे केंद्र के माध्यम से विभिन्न आजीविका गतिविधियों का संचालन और प्रबंधन सफलतापूर्वक संभाल रही हैं।
*अन्य महिलाओं के लिए बनीं मार्गदर्शन का स्रोत*
श्रीमती संपत पाल आज केवल स्वयं आत्मनिर्भर नहीं बनी हैं, बल्कि अपने क्षेत्र की सैकड़ों बहनों को स्वावलंबी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सीएलएफ प्रशिक्षण केंद्र की मैनेजर के रूप में वे कृषि सखी, पशु सखी, वीडीएस सहित विभिन्न प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षणों का आयोजन करा रही हैं। उनके इस प्रयास से क्षेत्र की अनेक ग्रामीण महिलाएं हुनरमंद बनकर अपने-अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
*प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार*
अपनी इस सफलता और सामाजिक प्रतिष्ठा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती संपत पाल कहती हैं कि मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने उनके जीवन को एक नई दिशा, वित्तीय मजबूती और सम्मानजनक पहचान दी है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने वाली इन कल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा मध्य प्रदेश शासन व राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
PMO India
#SevaSankalpAbhiyan
#Shivpuri