
#SuccessStory
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना बनी रामवती आदिवासी के सपनों का सहारा, कच्चे आशियाने से मिला सुरक्षित और सम्मानजनक घर
जनपद पंचायत पहाड़गढ़ की ग्राम पंचायत मानपुर निवासी रामवती आदिवासी के जीवन में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ने खुशियों की नई किरण लेकर आई है। वर्षों तक अभाव और असुरक्षा के बीच जीवन बिताने वाली रामवती आज अपने पक्के घर में परिवार के साथ सुरक्षित, सम्मानपूर्ण और आत्मविश्वास से भरा जीवन जी रही हैं।
एक समय था जब रामवती का परिवार कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर था। लकड़ी, टहनियों और घास-फूस से बनी छत हर मौसम में उनकी परेशानियों का कारण बन जाती थी। बरसात में छत से पानी टपकता था, जिससे घर के भीतर रहना भी मुश्किल हो जाता था। तेज गर्मी और कड़ाके की सर्दी में परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बच्चों की सुरक्षा और परिवार के भविष्य को लेकर चिंता हमेशा बनी रहती थी।
ऐसे समय में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना उनके लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आई। योजना के अंतर्गत उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ और शीघ्र ही उनका सपना साकार हो गया। आज रामवती का परिवार मजबूत छत, सुरक्षित दीवारों और बेहतर आवासीय सुविधाओं से युक्त घर में निवास कर रहा है। इस परिवर्तन ने न केवल उनके रहन-सहन को बेहतर बनाया है, बल्कि उनके जीवन में आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व का भाव भी पैदा किया है।
रामवती भावुक होकर बताती हैं, “पहले हर बारिश हमारे लिए चिंता लेकर आती थी। रातभर यह डर बना रहता था कि कहीं मकान ढह न जाए। अब पक्का घर मिलने के बाद मन में सुरक्षा का विश्वास है। बच्चों के लिए बेहतर वातावरण मिला है और परिवार का जीवन पहले से कहीं अधिक सुखद हो गया है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद व्यक्त करती हूँ।"
रामवती की यह कहानी दर्शाती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं केवल सुविधाएं उपलब्ध नहीं करातीं, बल्कि लोगों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और सम्मान का संचार भी करती हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना विशेष रूप से वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है, जो उन्हें सुरक्षित आवास के साथ बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर कर रही है।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #PMJANMAN #PMAY Jansampark Madhya Pradesh