मुरैना पुलिस की कोर्ट कार्यप्रणाली पर सख्ती, एसपी ने कोर्ट मोहर्रिरों और कोर्ट मुंशियों को दिए अहम निर्देश
मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम में माननीय न्यायालयों में कार्यरत कोर्ट मोहर्रिरों और कोर्ट मुंशियों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य न्यायालयीन कार्यों में तेजी, समन-वारंट की समय पर तामील और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
बैठक में एसपी ने निर्देश दिए कि समन और वारंट जारी करते समय संबंधित व्यक्ति का पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा जमानतदारों का विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि तामीली में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अधूरे पते और गलत जानकारी के कारण समन-वारंट की तामीली प्रभावित होती है।
एसपी ने कोर्ट मोहर्रिरों और कोर्ट मुंशियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रतिदिन की कार्रवाई साझा करने तथा उच्च न्यायालय एवं अधीनस्थ न्यायालय से प्राप्त सभी नोटिस और वारंट समय-सीमा में तामील कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी नोटिस या वारंट बिना तामीली के लंबित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में पुराने लंबित मामलों, जेल में बंद आरोपियों से संबंधित प्रकरणों तथा चिन्हित अपराधों की प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही ई-समन प्रणाली और सीसीटीएनएस पर समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने न्यायालयों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सभी कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की समझाइश दी। बैठक में 38 कोर्ट मोहर्रिर, 27 कोर्ट मुंशी सहित कोर्ट सेल एवं डीपीओ शाखा के अधिकारी भी मौजूद रहे।