
एनसीसी कैंप के दौरान उप निरीक्षक सत्य प्रकाश ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए किया प्रेरित
बहादुरगढ़, गौरव गर्ग। पुलिस कमिश्नर एडीजीपी डॉ. राजश्री सिंह, आईपीएस के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे नशा एवं अपराध मुक्त अभियान के तहत सोमवार को बहादुरगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत 1 हरियाणा बटालियन एनसीसी, रोहतक द्वारा डीपीएस स्कूल, बहादुरगढ़ में आयोजित एनसीसी कैंप तथा गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई), बहादुरगढ़ में मेजर बृजेश कुमार की अध्यक्षता में नशा मुक्ति टीम के सदस्य उप निरीक्षक सत्य प्रकाश ने एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।उप निरीक्षक सत्य प्रकाश ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सुखी और सफल जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नियमित योग, संतुलित एवं सात्विक खान-पान, अनुशासित दिनचर्या और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि अष्टांग योग, कर्मयोग, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का पालन व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाता है तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रखता है।उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।