
सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बिछाया ठगी का जाल, 200 लोगों का हिसाब-किताब लेकर घूम रहा था शातिर!
आंगनबाड़ी में बहाली से लेकर कन्या विवाह योजना तक के नाम पर लाखों की वसूली
खुद को अनुमंडल कार्यालय का कर्मचारी बताकर लोगों को देता था अधिकारियों से पहचान का हवाला
पुलिस ने किराये के कमरे से 19 एटीएम कार्ड, 9 फर्जी आईडी और 17 रजिस्टर किये बरामद
नवादा
सरकारी नौकरी पाने की उम्मीद और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की चाहत को हथियार बनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले एक शातिर ठग का नवादा पुलिस ने पर्दाफाश किया है. आरोपित का ठगी करने का तरीका भी बेहद शातिराना था. कभी खुद को अनुमंडल कार्यालय का कर्मचारी बताता, तो कभी अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा करता. आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने से लेकर कन्या विवाह योजना की राशि खाते में भिजवाने तक का भरोसा देकर वह लोगों को अपने जाल में फंसाता था. अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कथित ठगी नेटवर्क की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं. मंगलवार को नगर थाना पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से पार नवादा के गांधी नगर सद्भावना चौक इलाके में छापेमारी कर 45 वर्षीय शैलेश कुमार उर्फ सचिन कुमार उर्फ संतोष कुमार को गिरफ्तार किया. आरोपित मूल रूप से शेखपुरा जिले के हथियावां थाना क्षेत्र के बादशाहपुर गांव का रहने वाला है. वह गांधी नगर में एक मकान के दूसरे तल पर किराये के कमरे में रह रहा था. पुलिस को पिछले कुछ दिनों से उसकी गतिविधियों पर संदेह था. निगरानी के बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया.
एक कमरे से खुला ठगी के खेल का बड़ा राज
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसके किराये के कमरे की तलाशी ली तो कई ऐसे सामान मिले, जिन्होंने जांच को नया मोड़ दे दिया. पुलिस ने दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, अलग-अलग बैंकों के 19 एटीएम कार्ड, नौ फर्जी पहचान पत्र, चार स्कैनर, एक बैंक पासबुक, चार चेकबुक और 17 रजिस्टर बरामद किये. इसके अलावा नौकरी और सरकारी योजनाओं से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं.
बरामद रजिस्टर इस पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी माने जा रहे हैं. इनमें करीब 200 लोगों के नाम और पते दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि रजिस्टरों में लोगों से वसूली गई रकम का हिसाब भी मौजूद है. अब पुलिस इन नामों के आधार पर संभावित पीड़ितों की पहचान और ठगी की कुल रकम का आकलन करने में जुटी है.
एक लाख रुपये लेकर भी नहीं दिला सका आंगनबाड़ी में नौकरी
ठगी का एक मामला नारदीगंज से सामने आया है. यहां एक महिला को आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर आरोपित ने करीब एक लाख रुपये ऐंठ लिये. महिला को विश्वास था कि आरोपित की सरकारी कार्यालयों में अच्छी पकड़ है और उसकी नौकरी लग जाएगी. लेकिन नौकरी मिलने के बजाय उसे ठगी का शिकार होना पड़ा.
इसी तरह कन्या विवाह योजना का लाभ दिलाने के नाम पर करीब दो दर्जन महिला-पुरुषों से लाखों रुपये वसूलने की बात प्रारंभिक जांच में सामने आई है. पुलिस को नारदीगंज के अलावा अकबरपुर और रजौली क्षेत्र से भी ठगी की सूचनाएं मिल रही हैं.
सरकारी बाबू बनकर लोगों के बीच बनाता था रौब
आरोपित लोगों को अपने झांसे में लेने के लिए खुद को नवादा अनुमंडल कार्यालय का कर्मचारी बताता था. वह दावा करता था कि अधिकारियों के साथ उसका उठना-बैठना है और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उसके लिए कोई बड़ी बात नहीं है. लोगों को भरोसा दिलाने के लिए कथित मैडम की तस्वीर तक मोबाइल पर भेजता था. योजना की राशि खाते में भेजवाने का आश्वासन देकर लोगों से पैसे वसूलता था.
आर्मी और एयरफोर्स की आईडी भी बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की तलाशी में बरामद नौ पहचान पत्रों में आर्मी और एयरफोर्स से संबंधित आईडी के साथ आधार और पैन कार्ड भी मिले हैं. इन दस्तावेजों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाता था और ये वास्तविक हैं या फर्जी, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि इन पहचान पत्रों के जरिए आरोपित लोगों के बीच अपना प्रभाव जमाता और विश्वास हासिल करता था.
15 साल से ठगी का धंधा, पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि वह पिछले 10 से 15 वर्षों से ठगी के धंधे में सक्रिय है. शेखपुरा और रजौली में भी इस तरह की ठगी के मामलों में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है. वह कई बार जेल जाने की बात भी स्वीकार कर चुका है. हालांकि, इस बार पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि करीब 200 लोगों का रिकॉर्ड रखने वाला यह शातिर आखिर किन-किन लोगों के साथ मिलकर ठगी का कारोबार चला रहा था.
अब खुलेगी गिरोह के अन्य सदस्यों की कुंडली
पुलिस को संदेह है कि इतने बड़े स्तर पर लोगों से संपर्क, बैंक खातों और दस्तावेजों का इस्तेमाल तथा अलग-अलग इलाकों में ठगी का खेल अकेले संचालित करना आसान नहीं है. ऐसे में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. बरामद मोबाइल, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज और रजिस्टर के जरिए पुलिस ठगी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में हुई छापेमारी में सब इंस्पेक्टर सानू कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. सदर एसडीपीओ-01 हुलास कुमार ने बताया कि आरोपित नौकरी और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था. उसके पास से फर्जी पहचान पत्र, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं. उसके साथियों और आपराधिक इतिहास के संबंध में पूछताछ व जांच जारी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि सावधान रहें: सरकारी नौकरी, आंगनबाड़ी बहाली या सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति को पैसे न दें. किसी भी नियुक्ति या योजना की जानकारी संबंधित विभाग के आधिकारिक माध्यम से ही सत्यापित करें.
Nawada, Nawada | Nov 4, 2026