
सेवा भाव से कांवड़ियों का स्वागत,भंडारे और मेडिकल कैंप का हरीश द्विवेदी ने किया निरीक्षण....
बस्ती। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा के साथ कांवड़ियों एवं शिवभक्तों की सेवा के लिए जगह-जगह सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत बनकटी के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं विधानसभा 310 बस्ती सदर के भावी प्रत्याशी ई० अरविंद पाल के नेतृत्व में मिश्रौलिया स्थित बाबा भद्रेश्वर नाथ मार्ग पर भव्य भंडारा एवं मेडिकल सेवा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को भोजन, जलपान सहित प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
सेवा शिविर में निवर्तमान सांसद एवं असम प्रभारी हरीश द्विवेदी का आगमन हुआ। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जाना तथा भंडारा और मेडिकल सेवा कैंप की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा कार्य में लगे पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की बात कही।
इस दौरान हरीश द्विवेदी ने सेवा कार्य में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और सेवा का पावन अवसर है। दूर-दराज से पैदल यात्रा कर बाबा के दर्शन के लिए आने वाले कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य और सौभाग्य का कार्य है।
भंडारा स्थल पर कांवड़ियों के लिए भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था के साथ मेडिकल कैंप भी लगाया गया था, जहां जरूरतमंद श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही थी। सेवा कार्य में जुटे कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
ई० अरविंद पाल ने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह है। उनका प्रयास है कि बाबा भद्रेश्वर नाथ मार्ग से गुजरने वाले किसी भी कांवड़िया अथवा श्रद्धालु को भोजन, पानी या स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से भंडारा एवं मेडिकल सेवा कैंप की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त, कांवड़िए, स्थानीय नागरिक एवं सेवा कार्य में लगे स्वयंसेवक मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सेवा शिविर में मौजूद लोगों ने कहा कि श्रावण मास में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा सामाजिक सहभागिता और धार्मिक आस्था का सुंदर उदाहरण है। आयोजकों ने आगे भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए इसी तरह के प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
Basti, Basti | Aug 9, 2026