Public App Logo
शोघी में निजी बस से 10 ग्राम चिट्टा बरामद, 28 वर्षीय युवक गिरफ्तार शिमला। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की विशेष सेल ने नेशनल हाईवे-5 पर शोघी चौकी के समीप एक निजी बस में दबिश देकर 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को विशेष सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि ननखड़ी निवासी अमन ठाकुर पुत्र संतोष कुमार सोलन से शिमला की ओर आने वाली बस में हेरोइन लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NH-5 पर शोघी चौकी के समीप नाकाबंदी कर संबंधित निजी बस को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान अमन ठाकुर के काले रंग के पीठू बैग की जांच की गई। बैग के अंदर एक सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर रखा 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में NDPS Act की धारा 21 के तहत अभियोग संख्या 166/2026 दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया और इसे शिमला लाने के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामले में नशे की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं। न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो - Shimla Urban News