
आर्केस्ट्रा देखकर लौट रही बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, पांच युवक घायल
#bokaro #Kasmar #BokaroNews #JharkhandNews #RoadAccident
कसमार थाना क्षेत्र के शिवराम बांध के समीप बुधवार देर रात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में वाहन सवार पांच युवक घायल हो गये। इनमें मंजूरा पंचायत के सोखाडीह निवासी राजेश महतो के 19 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार महतो को गंभीर चोटें आयीं। हादसे में बोलेरो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक कसमार बाजारटांड़ में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखकर बोलेरो से झरमूंगा स्थित अपने घर लौट रहे थे। शिवराम बांध के पास चालक सुरेंद्र कुमार महतो ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।
दुर्घटना में चालक सुरेंद्र के अलावा आशीष कुमार महतो, अरुण कुमार महतो और सुनील कुमार महतो को मामूली चोटें आयीं। वहीं, सौरभ के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी।
सूचना पर थाना प्रभारी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और सौरभ को सीएचसी कसमार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे केएम मेमोरियल अस्पताल, चास ले गये, जहां उसका इलाज चल रहा है।
Chas, Bokaro | Oct 22, 2026