
13 साल से पुलिस को चकमा दे रहा 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुरैना के बागचीनी से पकड़ा
भिण्ड। थाना देहात भिण्ड पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में पिछले 13 वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को मुरैना जिले के बागचीनी से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में फरार इनामी और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
मामला 4 जुलाई 2013 का है। महावीर गंज भिण्ड निवासी फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी और उसकी पत्नी उनके मकान में किराये से रहते थे। आरोप है कि दोनों ने कथित तौर पर फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर मकान आरोपी की पत्नी के नाम करा लिया। इसके अलावा घर में रखे जेवरात और बर्तन सहित अन्य सामान कमरे का ताला तोड़कर चोरी कर लिया था।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ अपराध क्रमांक 239/13 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120बी भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। मामले में आरोपी पिछले 13 वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पहचान छिपाकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक भिण्ड द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते 12 नवंबर 2026 की शाम आरोपी को बागचीनी, जिला मुरैना से गिरफ्तार कर लिया गया।
Gormi, Bhind | Nov 13, 2026