
सोशल मीडिया विवाद के बीच भाईचारे की पहल, ताराचंद धनुका और डॉ. मजहरी की मुलाकात
किशनगंज/ठाकुरगंज। सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के बीच आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कायम करने की दिशा में पहल शुरू हुई है। इसी क्रम में ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के पिता एवं वरिष्ठ सुरजापुरी नेता ताराचंद धनुका और ऑल बिहार शेरशाहवादी एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सह जदयू प्रदेश सचिव डॉ. अब्दुल रशीद मजहरी के बीच मुलाकात हुई।
पश्चिमपाली स्थित मुगल पैराडाइज रेस्टोरेंट में हुई इस मुलाकात के दौरान डॉ. अब्दुल रशीद मजहरी ने ताराचंद धनुका को टोपी पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। दोनों के बीच काफी देर तक विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर बातचीत हुई।
मुलाकात के दौरान सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद को समाप्त करने तथा क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने समाज के लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की।
डॉ. मजहरी ने कहा कि ताराचंद धनुका के साथ उनका करीब 30 वर्षों से भाई जैसा संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के बीच वर्षों से चले आ रहे सामाजिक और व्यक्तिगत रिश्तों को किसी भी विवाद की वजह से कमजोर नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले संयम बरतें और एक-दूसरे की आस्था, भावनाओं एवं सम्मान का ख्याल रखें।
विधायक गोपाल अग्रवाल से भी मिला शिष्टमंडल
इधर, ऑल बिहार शेरशाहवादी एसोसिएशन की जिला इकाई के एक शिष्टमंडल ने भी ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान मौजूदा विवाद को समाप्त करने और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द कायम रखने को लेकर बातचीत होने की बात सामने आई है।
लगातार बढ़ती सोशल मीडिया बहस के बीच हुई इन मुलाकातों को सद्भाव और संवाद की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद विवाद को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।✍️
Jokihat, Araria | Sep 10, 2026