
पोटका के विकास कुमार भकत की अंग्रेजी भाषा पर चार पुस्तकें प्रकाशित, रॉयल्टी गरीब और अनाथ बच्चों की शिक्षा में करेंगे दान
पोटका। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत शंकरदा गांव निवासी लेखक एवं शिक्षाविद् विकास कुमार भकत ने अंग्रेजी भाषा और व्याकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी अंग्रेजी भाषा पर आधारित चार पुस्तकों का प्रकाशन राइटर नेस्ट पब्लिकेशन, गुरुग्राम (हरियाणा) द्वारा किया गया है। चारों पुस्तकें हिंदी और अंग्रेजी की द्विभाषीय शैली में तैयार की गई हैं।
प्रकाशित पुस्तकों में 'अंग्रेजी कैसे बोलें', 'अंग्रेजी व्याकरण की व्यावहारिक मार्गदर्शिका', 'अंग्रेजी-हिंदी उच्चारण की व्यावहारिक मार्गदर्शिका' और '251 एंग्लो-हिंदी वाक्यांश एवं मुहावरे' शामिल हैं। इन पुस्तकों के जरिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अंग्रेजी बोलने, लिखने, व्याकरण समझने तथा सही उच्चारण सीखने में मदद मिलेगी।
विकास कुमार भकत ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों में अंग्रेजी शिक्षा को सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि भाषा सीखने के लिए बेहतर मार्गदर्शन और सरल अध्ययन सामग्री बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इन पुस्तकों को व्यावहारिक और द्विभाषीय स्वरूप में तैयार किया है।
इस उपलब्धि की खास बात यह है कि विकास कुमार भकत ने पुस्तकों से मिलने वाली रॉयल्टी की राशि गरीब एवं अनाथ बच्चों की शिक्षा के लिए दान करने का निर्णय लिया है। उनकी इस पहल को शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
लेखक की चारों पुस्तकें अमेजन और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
#VikashKumarBhakat #PotkaNews #JharkhandNews #EastSinghbhum #EducationNews #EnglishBooks #EnglishLearning #EnglishGrammar #SpokenEnglish #HindiEnglish #BookPublication #AuthorVikashBhakat #JharkhandEducation #TribalEducation #EducationForAll #PoorChildrenEducation #WriterNestPublication #Potka #JamshedpurNews #ChhotanagpurLive