
जिला कारागृह करौली का विजिटर्स बोर्ड ने किया संयुक्त निरीक्षण
बंदियों से की वार्ता, जातिगत भेदभाव और चिकित्सा सुविधाओं की ली जानकारी
करौली।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार बुधवार को जिला एवं सेशन न्यायाधीश, करौली की अध्यक्षता में विजिटर्स बोर्ड द्वारा जिला कारागृह करौली का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विजिटर्स बोर्ड के सदस्यों ने बंदियों से संयुक्त एवं पृथक-पृथक वार्ता कर कारागृह में जातिगत अथवा किसी अन्य प्रकार के भेदभाव, अस्पृश्यता, चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। बंदियों ने किसी भी प्रकार के जातिगत या अन्य आधार पर भेदभाव की शिकायत नहीं की।
निरीक्षण में पाया गया कि बंदियों को बिना किसी जातिगत भेदभाव के संयुक्त बैरकों में रखा गया है। बैरकों तथा रसोई सहित अन्य स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। साथ ही दिव्यांगता अथवा अस्पृश्यता के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई।
बंदियों को समान रूप से चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की भी जानकारी मिली। चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर भी बंदियों की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण करौली, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी करौली, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला उद्योग अधिकारी तथा जिला रोजगार अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।