भोपाल में राज्य स्तरीय राजभाषा हिंदी कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित
सरकारी कामकाज में सरल हिंदी के प्रयोग और युवा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
मेरा युवा भारत, मध्यप्रदेश, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राज्य स्तरीय राजभाषा हिंदी कार्यशाला एवं विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग, राजभाषा नियमों के पालन तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, समीक्षा बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित युवा कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में डॉ. जवाहर कर्नावट, सलाहकार, प्रवासी भारतीय साहित्य एवं संस्कृति शोध केंद्र, रवींद्रनाथ टैगोर भोपाल तथा निदेशक, अंतरराष्ट्रीय हिंदी केंद्र और श्री अरविंद श्रीधर, निदेशक, माधवराव सप्रे संग्रहालय संस्थान ने सहभागिता की। वक्ताओं ने हिंदी की प्रासंगिकता, जनसामान्य से उसके जुड़ाव और सरकारी कामकाज में राजभाषा के प्रभावी उपयोग के महत्व पर अपने विचार रखे।
अधिकारियों को कार्यालयीन पत्राचार एवं दैनिक कार्यों में सरल और सहज हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करने तथा राजभाषा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान हिंदी के तकनीकी प्रयोग, यूनिकोड के माध्यम से हिंदी में कार्य करने की सुविधा और भारतीय भाषाओं के प्रति सम्मान की भावना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यशाला के पश्चात मेरा युवा भारत, मध्यप्रदेश के अधिकारियों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य निदेशक श्री मंगल जाखड़ ने की, जबकि संयोजन श्री सागर वाधवानी ने किया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित युवा कार्यक्रमों, विभागीय गतिविधियों की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों और आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा युवा कार्यक्रमों में युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा करना और प्रदेश में युवा कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Mera Yuva Bharat - MY Bharat
#bhopal
Bhopal, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026