
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 25 नवंबर को होने वाले इस आयोजन की भव्यता, मेहमानों की सूची और उपहारों पर लगातार चर्चा हो रही है।
इस बीच शिवांगी के होने वाले ससुर रणविजय कुमार ने शादी की तैयारियों और परिवार की योजनाओं से जुड़ी कुछ अहम बातें साझा की हैं।
नए घर में होगा शिवांगी का स्वागत
शिवांगी की शादी बिहटा के कृष्णानगर निवासी सीआरपीएफ कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होगी।
रणविजय कुमार ने बताया कि शादी के बाद शिवांगी जब अपने ससुराल पहुंचेंगी तो उनके स्वागत की विशेष तैयारी की गई है। इसके लिए करीब दो कट्ठे जमीन पर नया मकान बनवाया गया है। इसी घर में बहू का गृह प्रवेश होगा।
उन्होंने बताया कि तिलक समारोह पटना के ऑर्गेनो रिसॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बरात मोकामा के लदमा गांव जाएगी।
वहां शादी की रस्में पूरी होंगी। रणविजय कुमार के अनुसार, शादी के बाद बेटा ऋषिकेश और बहू शिवांगी अमेरिका चले जाएंगे।
अहमदाबाद में रहते हैं होने वाले ससुर
रणविजय कुमार ने बताया कि नौकरी के कारण वह फिलहाल अहमदाबाद में रहते हैं और शादी की तैयारियों के सिलसिले में एक दिन पहले ही बिहार आए हैं।
उन्होंने कहा कि बहू के स्वागत के लिए ही नया मकान बनवाया गया है। इसी मकान में दूल्हे का जनेऊ संस्कार भी होगा। हल्दी आदि भी यहीं होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में शादी की जो पारंपरिक रस्में निभाई जाती हैं, उन्हें बेहतर तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे परिवार से संबंध जुड़ने पर उन्होंने खुद को सम्मानित महसूस करने की बात भी कही।
रणविजय कुमार ने बताया कि उनके बेटे ऋषिकेश ने 12वीं तक की पढ़ाई अहमदाबाद से की है। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए।
वहां से ग्रेजुएशन और एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नौकरी कर रहे हैं। शादी के बाद शिवांगी भी उनके साथ अमेरिका जाएंगी।
#VindhyaSamacharTV #RewaNews #viralpost #JagranNews #Bihar #AnantSingh
Jawa, Rewa | Nov 11, 2026