
सिविल अस्पताल जौरा में ब्लड स्टोरेज यूनिट का शुभारंभ
आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी रक्त उपलब्धता की सुविधा
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में सिविल अस्पताल जौरा में ब्लड स्टोरेज यूनिट का शुभारंभ किया गया। यह महत्वपूर्ण सुविधा कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुभा माहेश्वरी के विशेष प्रयासों से प्रारंभ की गई है।
ब्लड स्टोरेज यूनिट के संचालन से अब जौरा एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों तथा अन्य आपातकालीन मामलों में रक्त की उपलब्धता के लिए जिला अस्पताल अथवा अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भरता कम होगी। यह सुविधा क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
ब्लड स्टोरेज यूनिट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुभा माहेश्वरी ने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना कई बार मरीज के जीवन की रक्षा के लिए निर्णायक सिद्ध होता है। इस यूनिट के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुरूप रक्त का सुरक्षित भंडारण किया जाएगा तथा चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार मरीजों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सुविधा के प्रारंभ होने से जौरा क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सकेगी।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.बी. शर्मा, डॉ. कुशवेंद्र सिंह सिकरवार, डॉ. अमित चौधरी, लैब तकनीशियन श्री अनिल जाटव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
#morena2026 #Morena #JansamparkMP Jansampark Madhya Pradesh #MadhyaPradesh