
पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट!
मझौलिया में सुपरवाइजरों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की तैयारी तेज।
आगामी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए मझौलिया स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मझौलिया डॉ. अनुपम प्रसाद की अध्यक्षता में सभी सुपरवाइजरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अभियान के सफल संचालन, टीकाकरण की रणनीति और निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।अपने संबोधन में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि नौनिहालों के सुरक्षित भविष्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि घर-घर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करें तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करें।उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, सतर्कता और समर्पण से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान बीएचएम सकील अहमद, आर आई नोडल डॉक्टर एम . डी लुकमान,शिवशान्त कुमार, राहुल कुमार झा ,पुरुषोत्तम चौबे ,धर्मेंद्र कुमार ,रविंद्र शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।